सितम्बर 2026 की रचनाएँ

07.09.26
चौपई छंद

हम पर कृपा करो हनुमान,संकट मोचन कृपा निधान।
अब लो पवनपुत्र ये जान,तुम हो बल में पवन समान।

सुन लो प्रार्थना महावीर,हर लो सब संकट सब पीर।
अपनी सेना भेजो वीर,धरी न जाती है अब धीर।
अटके संकट में हैं प्राण,रक्षा करो वीर हनुमान।
हम पर कृपा करो हनुमान,संकट मोचन कृपा निधान।

चोला सिंदूरी ले धार,तुमने किया खूब श्रृंगार।
खुश सिंदूर देख हों राम,निशिदिन जपो राम का नाम।
हम को बल-बुधि-विद्या-ज्ञान,दे दो भक्ति-शक्ति वरदान।
हम पर कृपा करो हनुमान,संकट मोचन कृपा निधान।

ललित किशोर 'ललित'

************************
18.09.2026
प्रार्थना
आल्हा छंद

क्या बतलाऊँ तुम को मेरे,मन की इच्छा ओ हनुमान ?
जब मेरी हर इच्छा का है,तुमको पहले ही अनुमान।
चाह तुम्हारी में मिल जाए,मेरे मन की हर इक चाह।
और तुम्हारे चरण-कमल तक,पहुँचे जीवन की हर राह।

यही कामना यही प्रार्थना,और यही है तुमसे आस।
तन से दूर भले हो पर तुम,रहना मेरे मन के पास।
मन-मंदिर में आन विराजो,सीता-राम-लखन के साथ।
नैन बंद कर ध्यान करूँ तो,दर्शन दे देना हे नाथ।

ललित किशोर 'ललित'

*************************
21.09.26

2122 2122, 2122 2121

शुद्ध गीता छंद

मुस्कुराकर राधिका की,राह रोके नंदलाल।
थाम बहियाँ फिर न छोड़े,और चूमे लाल गाल।
शर्म से राधा सिकुड़ कर,श्याम से करती गुहार।
छोड़ दो मेरी कलाई,मत मरोड़ो बार-बार।

ललित किशोर'ललित'

**************************
22.09.26
शुद्ध गीता छंद

क्या हुआ जो आज अपने,पास हैं फिर भी न पास ?
व्यर्थ में तू कर न चिंता,सोच कर मत हो उदास।
हर किसी की ज़िंदगी में,मुश्किलें आती हजार।
जो न चाहे साथ चलना,मत पुकारे बार-बार।

ललित किशोर'ललित'

****************************
24.09.26
शुद्ध गीता छंद

रंग अद्भुत है दिखाती,ज़िंदगानी बार-बार।
दुःख के सँग-सँग दिखाए,रंग सुख के भी हजार।
रंग दुख के कौन चाहे,चाह सुख की है अनंत।
रंग बेरँग हो न सकता,दु:ख सुख का है न अंत।

ललित किशोर 'ललित'

**************************

निश्चल छंद

बड़ी अनोखी देखी नश्वर,जग की रीत।
नये मुखौटे नित्य धारते,देखे मीत।
सागर की लहरों सा नश्वर,है जो प्यार।
उसी प्यार में डूबा देखा,सब संसार।

ललित किशोर 'ललित'

**************************

मई 2026 की रचनाएँ

01.05.2026
विधाता छंद 

तुम्हारी भक्ति से हनुमत, मिले सुख-शांति इस मन को।
न कोई दु:ख टिक पाता,न व्यापें व्याधियाँ तन को।
कृपा जितनी तुम्हारी है,बखानी जा नहीं सकती।
तुम्हारे दर्श से दाता,न ये आँखें कभी थकतीं।

ललित किशोर 'ललित'

**************************
05.05.2026
विधाता छंद 

नहीं कोई यहाँ अपना,न कोई मीत है मन का।
बनो तुम मीत खुद अपना,यही है सार जीवन का।
अकेले था यहाँ आना,न कोई साथ है जाना।
अनोखी है बड़ी दुनिया,सुने कब दुख भरा गाना।

सुनाओ भी किसी को मत,कभी कुछ आप बीती तुम।
तुम्हारी दुख भरी गाथा,हँसी में वो करेंगें गुम।
करेगा कौन अब चिन्ता, तुम्हारे रूप धन जाँ की।
बसा लो नैन में अपने,कन्हैया लाल की झाँकी।

जपो इक नाम कान्हा का,जपो सँग नाम राधा का।
नहीं फिर राह में होगा,कहीं भी नाम बाधा का।
सुनेगा वो कन्हैया सब,करोगे प्रार्थना जितनी।
सँभाले भी न जाएँगी,भरेगा झोलियाँ इतनी।

ललित किशोर 'ललित' 

************************

विधाता छंद 
राधा कृष्ण की मान मनुहार

न जाओ फेरकर नजरें,न रूठो राधिका रानी।
बिना ही बात हम से यों,कहो क्यों रार है ठानी ? 
तुम्हारे थे तुम्हारे हैं,तुम्हारे ही रहेंगें हम।
हजारों साल तक रानी,नहीं ये प्यार होगा कम।

मनाने से न मानोगी, रहोगी रूठती कब तक ? 
हमारे प्यार की नैया, रहेगी डूबती कब तक ? 
इशारों में समझ जाओ,न हम कुछ बोल पाएँगें।
बँधी है डोर जो तुमसे,नहीं हम खोल पाएँगें।

सितारों से तनिक सीखो,सदा क्यों टिमटिमाते हैं।
धरा के प्यार में बेसुध,सदा यों टिटिमाते हैं।
अरे तुम चाँदनी से ही,समझ लो प्यार की बातें।
सदा उस चाँद के ही वो,बिताए साथ में रातें।

ललित किशोर 'ललित' 

*************************

12.05.2026
त्रिभंगी छंद

शुभ मंगलकारी,अति सुख कारी,भक्ति तुम्हारी,हनुमंता।
जो मन से ध्यावे,सब सुख पावे,नहीं सतावे, दुख-चिंता।
ओ बजरँग प्यारे,राम-दुलारे,कष्ट हमारे,हर लेना।
ओ केसरि-नंदन,दु:ख निकंदन,राम- भक्ति मन,भर देना।

ललित किशोर 'ललित' 

••••••••••••••••••••••••••••••••

14.05.2026
त्रिभंगी छंद 
अद्भुत शिक्षा

है अद्भुत शिक्षा,रद्द परीक्षा,नित्य निराशा,हाथ लगे।
हर छात्र परेशाँ,पिता परेशाँ,खोती आशा,मात लगे।
हर पाठ पढ़ा था,स्वप्न गढ़ा था,रात-रात भर,जाग सखे।
संकल्प अनूठा,कर ले बेटा,फिर रातों में,जाग सखे ?

ललित किशोर 'ललित'

**************************

31.05.2026
कुण्डलिनी छंद

चल देगा कब वक्त ये,कहाँ कौन सी चाल ?
मानव के मस्तिष्क में,गूँजे यही सवाल।
गूँजे यही सवाल,समय कब शुभ फल देगा ?
कब निखरेगा भाग्य,अँधेरा कब चल देगा।

ललित किशोर 'ललित'

****************************

सितम्बर 2026 की रचनाएँ

07.09.26 चौपई छंद हम पर कृपा करो हनुमान,संकट मोचन कृपा निधान। अब लो पवनपुत्र ये जान,तुम हो बल में पवन समान। सुन लो प्रार्थना महावीर,हर ल...